लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) में बृहस्पतिवार से राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) का निरीक्षण चलेगा। इस दौरान संस्थान में स्थिति सामान्य रखने के लिए वाहनों की पार्किंग संबंधी विशेष निर्देश दिए गए हैं।
प्रॉक्टर प्रो. आरएएस कुशवाहा की ओर से जारी पत्र में कहा गया कि 31 जुलाई से दो अगस्त तक चलने वाले नैक के निरीक्षण के दौरान छात्रावास में रहने वाले सभी रेजिडेंट पैदल ही परिसर में आएंगे। इसी तरह डॉक्टरों को जहां तक संभव हो, वाहन साझा करके आने के लिए कहा गया है।
संस्थान में रोजाना करीब सात हजार मरीज और इससे ज्यादा तीमारदार आते हैं। स्टाफ की संख्या भी 10 हजार से ज्यादा है। ऐसे में रोजाना करीब 25 हजार की भीड़ रहती है। इनके वाहनों के कारण कई बार परिसर में जाम जैसी स्थिति बन जाती है। नैक टीम के सामने ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।
ग्रेड में सुधार की उम्मीद
वर्ष 2023 की नैक ग्रेडिंग में केजीएमयू को ए प्लस ग्रेड मिला था। हालांकि, संस्थान इससे बेहतर रैंक की उम्मीद लगाए बैठा था। कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद की पहल पर ग्रेड में सुधार के लिए दोबारा आवेदन किया गया है। केजीएमयू को नैक ए प्लस-प्लस ग्रेड की उम्मीद है। इसके लिए दोबारा निरीक्षण हो रहा है।