लखनऊ। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को कांवड़ यात्रा मार्ग पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना था। अभियान के तहत कांवड़ मार्ग को मांस, मछली और अंडा मुक्त रखने के लिए नॉनवेज की बिक्री बंद कराई गई। अनौरा कला स्थित मटन जंक्शन के पास वैध लाइसेंस न मिलने पर उसे तत्काल बंद कराया गया। निरीक्षण में एक्सपायर हो चुके काली मिर्च पाउडर, अखाद्य गुलाबरी और सेंट नष्ट कराए गए।
टीम ने शुक्रवार को सुल्तानपुर रोड, मोहनलालगंज, चिनहट सहित सात क्षेत्रों में 70 से अधिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान 59 खाद्य पदार्थों की फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स से मौके पर जांच हुई और कई नमूने प्रयोगशाला भेजे गए।
चिनहट स्थित इमरान जूस कॉर्नर में अनार के दानों में कृत्रिम रंग और सड़ा-गला मैंगो पल्प मिला। टीम ने करीब 10 किलो रंगयुक्त अनार दाना और 30 किलो दूषित मैंगो पल्प नष्ट कराया। गंभीर अनियमितताएं मिलने पर जूस कॉर्नर को कमियां दूर होने तक बंद करा दिया गया। अभियान के दौरान 200 से अधिक खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक किया गया। सहायक खाद्य आयुक्त विजय प्रताप सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा और श्रावण मास के दौरान कार्रवाई जारी रहेगी।
खाद्य पदार्थों की जांच करती टीम।
खाद्य पदार्थों की जांच करती टीम।