ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के महासचिव मौलाना वली रहमानी ने कहा कि राम मंदिर निर्माण को लेकर अयोध्या में धर्मसभा के नाम पर विहिप का शक्ति परीक्षण और शिवसेना की गतिविधियां सुप्रीम कोर्ट के लिए खुली चुनौती हैं। अयोध्या में धर्मसभा और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के जरिए मुसलमानों के खिलाफ माहौल बनाया जा रहा है।
मौलाना ने यहां जारी बयान में कहा, हमसे कहा जाता है कि आप अयोध्या से बाहर मस्जिद बनाएं, यह तो हुक्म देने वाली बात हुई। मसला एक मस्जिद देने का भी नहीं है, बल्कि उसूल का है। हमलोग इस मुल्क में धीरे-धीरे और कितनी मस्जिदें कुर्बान करेंगे। अगर हम किसी एक पक्ष से बातचीत करें तो कल उसे हटा दिया जाएगा और दूसरे लोग खड़े हो जाएंगे।
मौलाना ने अयोध्या मामले के मुद्दई हाजी महबूब द्वारा बातचीत के जरिये मसले के हल की श्रीश्री रविशंकर की कोशिशों का समर्थन किया। बोले, श्रीश्री ने कहा था कि आप अयोध्या से बाहर बहुत बड़ी मस्जिद बना लीजिए, लेकिन बाद में श्रीश्री किनारे हो गए। अगर उनसे कोई समझौता कर लिया गया होता तो क्या होता।