राजधानी में ईद-उल-अजहा की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई। शहर की ऐशबाग ईदगाह में मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने नमाज अदा कराने के बाद मुसलमानों से चीन से आने वाले सामानों के बहिष्कार की अपील की।
सोमवार को शहर की ईदगाहों और मस्जिदों में अल्लाह की रजा के लिए हजारों नमाजियों के सिर सजदे में झुक गए।
शहर की ऐशबाग ईदगाह में मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने तो आसिफी मस्जिद बड़े इमामबाड़े में मौलाना कल्बे जव्वाद ने नमाज अदा कराई। इस अवसर पर देश और दुनिया में अमन और मुसलमानों की सुरक्षा की दुआ भी हुई।
ऐशबाग ईदगाह में शहर की सबसे बड़ी सुन्नी जमात ने ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की। यहां मौलाना महली ने नमाज अदा कराने के बाद अपने संबोधन में कहा कि ईद-उल-अजहा कुर्बानी व अमन का पैगाम देती है।