जानें, क्या है खुला, कुरआन में क्या है प्रावधान
खुला मुस्लिम महिलाओं को दिया गया विवाह विच्छेद का अधिकार है। इसमें पत्नी वैवाहिक संबंध खत्म करने की पहल करती है। कुरआन मजीद की सूरह अल-बकरह की आयत 229 में कहा गया है कि यदि पति-पत्नी को आशंका हो कि वे अल्लाह की निर्धारित सीमाओं का पालन नहीं कर पाएंगे तो पत्नी की ओर से कुछ देकर विवाह से मुक्ति लेने में दोनों पर कोई दोष नहीं है। इसी आयत को खुला का प्रमुख धार्मिक आधार माना जाता है। इसमें मेहर या अन्य आर्थिक प्रतिफल लौटाने अथवा छोड़ने का पहलू भी शामिल है।
ये हैं खुला की तीन प्रमुख शर्तें
केरल हाईकोर्ट ने 2021 के फैसले में खुला की वैधता के लिए तीन प्रमुख शर्तें बताई थीं।
- स्पष्ट घोषणा: पत्नी को साफ तौर पर बताना होगा कि वह वैवाहिक संबंध समाप्त करना चाहती है।
- मेहर या प्रतिफल लौटाने की पेशकश: विवाह के समय मिला मेहर या अन्य आर्थिक लाभ लौटाने अथवा माफ करने की पेशकश करनी होगी।
- सुलह का प्रयास: खुला से पहले पति-पत्नी के बीच सुलह कराने की ईमानदार कोशिश होनी चाहिए। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया था कि खुला के लिए पति की सहमति अनिवार्य नहीं है। हालांकि, विवाद होने पर फैमिली कोर्ट में वैवाहिक स्थिति की न्यायिक पुष्टि का रास्ता खुला है।