लखनऊ की मुस्लिम महिलाएं अब अनचाहे और प्रताड़ना भरे रिश्तों को सहने के बजाय 'खुला' के जरिए खुद विवाह विच्छेद की पहल कर रही हैं, जिससे दारुल कजा में तलाक के मुकाबले खुला के मामले काफी बढ़ गए हैं। पिछले एक साल में नदवा, इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया और शिया समुदाय के धर्मगुरुओं के माध्यम से 300 से अधिक महिलाओं ने अपने अधिकार का इस्तेमाल कर खुला लिया है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो रहीं राजधानी लखनऊ की मुस्लिम महिलाएं अब अनचाहे रिश्तों को ढोने के बजाय 'खुला' का रास्ता चुन रही हैं। शुक्रवार को बेबी खान हिना ने भले ही दारुल कजा की प्रक्रिया से अलग हटकर मीडिया के सामने खुद खुला की घोषणा कर दी हो, लेकिन यह बदलते दौर की एक बानगी भर है।
विज्ञापन
लखनऊ के नदवा और इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया स्थित दारुल कजा के आंकड़े बताते हैं कि बड़ी संख्या में महिलाएं धर्मगुरुओं के मार्गदर्शन में कानूनी व शरई तरीके से खुला ले रही हैं। स्थिति यह है कि अब तलाक के मुकाबले खुला के मामले ज्यादा सामने आ रहे हैं।
तंग आकर अलग होने का फैसला ले रहीं महिलाएं
पिछले एक साल में करीब 260 मामले निपटाए जा चुके हैं। इनमें नदवा में लगभग 150 और इस्लामिक सेंटर में 110 मामले शामिल हैं। महिलाएं ससुराल में प्रताड़ना, पति के गलत व्यवहार, तरह-तरह की पाबंदियों और खर्च न दिए जाने जैसी परेशानियों से तंग आकर अलग होने का फैसला ले रही हैं।
महिलाओं के खुला मांगने के बढ़ते मामले बताते हैं कि अब वे वैवाहिक जीवन की परेशानियों को चुपचाप सहने के बजाय अपने अधिकारों के लिए सामने आ रही हैं। दारुल कजा पहुंचने वाली महिलाओं की समस्याएं केवल पति-पत्नी के आपसी विवाद तक सीमित नहीं हैं। आर्थिक जिम्मेदारियों से बचना, मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना, मायके वालों से मिलने पर रोक और रोजमर्रा के जीवन में जरूरत से ज्यादा पाबंदियां भी रिश्ते टूटने की वजह बन रही हैं।
विज्ञापन
Trending Videos
पाबंदियों और खर्च न मिलने से टूटा रिश्ता
एक मामले में महिला का आरोप था कि पति उसके आने-जाने, रिश्तेदारों से मिलने और अपनी पसंद से कोई काम करने तक पर रोक लगाता था। विरोध करने पर विवाद और मारपीट की नौबत आ जाती थी। परिवार के लोगों ने कई बार समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन व्यवहार में बदलाव नहीं आया। आखिरकार महिला ने नदवा के दारुल कजा में खुला की गुहार लगाई।
दूसरे मामले में महिला की शिकायत थी कि पति घर का खर्च उठाने से बचता था। बच्चों की परवरिश और रोजमर्रा की जरूरतों की जिम्मेदारी भी महिला पर ही थी। अक्सर मारपीट करता था। घरेलू विवादों से परेशान होकर उसने अलग होने का फैसला लिया। परिवार के स्तर पर सुलह की कोशिश भी सफल नहीं हुई।
इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया स्थित दारुल कजा में अधिकांश मामले पति-पत्नी के बीच विवाद के निपटारे को लेकर आते हैं। इनमें अधिकांश मामले खुला के हैं। पिछले एक साल में आए करीब 150 मामलों में करीब 110 मामले खुला के रहे। पुरुषों की ओर से तलाक आदि के मामले कम आए हैं। -मौलाना खालिद रशीद, अध्यक्ष इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया
नदवा के दारुल कजा में एक साल में करीब 200 मामले पति-पत्नी के बीच हुए विवाद को लेकर आ चुके हैं, जिनमें 150 मामले खुला के हैं। अधिकांश मामलों में सामने आया है कि महिलाएं पाबंदी और आए दिन पति की प्रताड़ना से परेशान होकर खुला के लिए आवेदन कर रहीं हैं। -मुफ्ती साजिद अली, प्रभारी दारुल कजा नदवा
जानें, क्या है खुला, कुरआन में क्या है प्रावधान
खुला मुस्लिम महिलाओं को दिया गया विवाह विच्छेद का अधिकार है। इसमें पत्नी वैवाहिक संबंध खत्म करने की पहल करती है। कुरआन मजीद की सूरह अल-बकरह की आयत 229 में कहा गया है कि यदि पति-पत्नी को आशंका हो कि वे अल्लाह की निर्धारित सीमाओं का पालन नहीं कर पाएंगे तो पत्नी की ओर से कुछ देकर विवाह से मुक्ति लेने में दोनों पर कोई दोष नहीं है। इसी आयत को खुला का प्रमुख धार्मिक आधार माना जाता है। इसमें मेहर या अन्य आर्थिक प्रतिफल लौटाने अथवा छोड़ने का पहलू भी शामिल है।
ये हैं खुला की तीन प्रमुख शर्तें
केरल हाईकोर्ट ने 2021 के फैसले में खुला की वैधता के लिए तीन प्रमुख शर्तें बताई थीं।
स्पष्ट घोषणा: पत्नी को साफ तौर पर बताना होगा कि वह वैवाहिक संबंध समाप्त करना चाहती है।
मेहर या प्रतिफल लौटाने की पेशकश: विवाह के समय मिला मेहर या अन्य आर्थिक लाभ लौटाने अथवा माफ करने की पेशकश करनी होगी।
सुलह का प्रयास: खुला से पहले पति-पत्नी के बीच सुलह कराने की ईमानदार कोशिश होनी चाहिए। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया था कि खुला के लिए पति की सहमति अनिवार्य नहीं है। हालांकि, विवाद होने पर फैमिली कोर्ट में वैवाहिक स्थिति की न्यायिक पुष्टि का रास्ता खुला है।
शिया समुदाय में मरजा के जरिये खुला ले चुकीं कई महिलाएं
शिया समुदाय की पीड़ित महिलाएं भी खुला ले रहीं हैं, लेकिन मरजा अथवा हाकिम-ए-शरअ के माध्यम से। शिया धर्म गुरु मौलाना सैफ अब्बास नकवी ने बताया कि शिया समुदाय की महिला को खुला लेने या तलाक के लिए शिया आलिम, मुजतहिद के अधिकृत प्रतिनिधि या शिया धार्मिक संस्था के पास जाकर आवेदन देना होता है। महिला आवेदन में पति पर जो आरोप लगाती है, उस पर पक्ष रखने के लिए पति को एक-एक महीने के अंतराल पर तीन नोटिस भेजकर बुलाया जाता है।
अगर इसके बाद भी दोनों एक साथ रहने को राजी नहीं हैं तो हाकिम-ए-शरअ खुला पढ़ देता है। उन्होंने बताया कि एक साल में खुला के उनके पास भी करीब 25 मामले आ चुके हैं। उनके जैसे कुछ अन्य धर्मगुरु भी राजधानी में हैं। सूत्र बताते हैं कि पिछले एक साल में शिया समुदाय की करीब 50 महिलाएं खुला ले चुकी हैं।
इनके बारे में भी जानें
हाकिम-ए-शरअ: शरई मामलों में अधिकार रखने वाला धार्मिक प्राधिकारी। जो अपने अधिकार क्षेत्र में धार्मिक और कानूनी प्रकृति के मामलों पर फैसला कर सकता है। विवाह, तलाक, खुला और दूसरे पारिवारिक मामलों में शरई मार्गदर्शन या निर्णय दे सकता है।
मरजा-ए-तकलीद: सर्वोच्च स्तर का फिकही विद्वान जो कुरान, हदीस और इस्लामी कानून का विशेषज्ञ हो, धार्मिक मामलों में फतवा जारी कर सकता है। शिया समुदाय के लोग उसकी तकलीद करते हैं।