ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने देश की सुरक्षा के लिए सरकार की ओर से उठाए गए हर जरूरी कदम का समर्थन किया। संकट के समय सरकार, विपक्ष, सेना और जनता से एकजुट होकर खतरों का सामना करने का आह्वान किया। मौजूदा हालात को देखते हुए बोर्ड ने अपने वक्फ बचाओ आंदोलन के सभी सार्वजनिक कार्यक्रम 16 मई तक स्थगित रखने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि बोर्ड के पदाधिकारियों ने जोर देते हुए कहा कि संकट के समय में, जनता, राजनीतिक दलों, सशस्त्र बलों और सरकार को खतरों का सामना करने के लिए एक साथ आना चाहिए। बैठक में माना गया कि आतंकवाद और निर्दोष नागरिकों की हत्या गंभीर चिंता का विषय है। इस्लामी शिक्षाओं, विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त सिद्धांतों और मानवीय मूल्यों में आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं है।
यह भी पढ़ेंः- UP News: प्रदेश में कल से चढ़ेगा पारा... बढ़ेगी गर्मी; प्रयागराज, वाराणसी, सुल्तानपुर में पारा 40 डिग्री पार
उन्होंने आगे बताया कि बैठक में तय किया गया कि मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड अपना वक्फ बचाओ अभियान जारी रखेगा। हालांकि, मौजूदा हालात को देखते हुए बोर्ड की सार्वजनिक बैठकें और कार्यक्रम अगले 16 मई तक के लिए स्थगित रहेंगी। इनडोर कार्यक्रम तय समय के अनुसार जारी रहेंगे।