लखनऊ। एलडीए और द लोक लैब के संयुक्त तत्वावधान में 18, 19 जनवरी को हार्मनी म्यूजिक पार्क में संगीत-कला का उत्सव सजेगा। इसमें संगीत, नृत्य, कविता और कला से जुड़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अद्भुत संगम होगा। एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि आयोजन में 50 से कलाकार शामिल होंगे। 18 को म्यूजिकल मेडिटेशन की ओर से सरोद के साथ ओम मंत्र का जाप, त्रिसामा आर्ट फाउंडेशन की ओर से लाइव संगीत, भारतीय ज्ञान प्रणाली पर आधारित हार्मनी विषय पर पैनल चर्चा होगी। मैहर संगीत प्रदर्शनी में त्रिसामा आर्ट्स का उद्घाटन, संगीत के रूप में रितेश गोहिया का सामाजिक संवाद होगा। भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय की ओर से तबले पर सामूहिक प्रस्तुति होगी। वाराणसी के राघवेंद्र की ओर से मोहन वीणा, रांची के चंदन तिवारी की ओर से भोजपुरी लोकगीत और मुंबई के कविश सेठ और वासु रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे।
19 को संगीत की चार कार्यशालाओं का आयोजन होगा। इनमें समानांतर कार्यशालाएं, संगीत दर्शन, लयबद्ध कार्यशाला, श्रवण सत्र और तस्वीरों की प्रदर्शनी, संगीतकारों के साथ टेबल डूडल शामिल होंगी। मंच पर कविता पाठ, लोक संगीत और बैंड के प्रदर्शन होंगे। स्थानीय कलाकारों को भी कला दिखाने का अवसर मिलेगा।