लखनऊ। जानकीपुरम के भवानीखेड़ा में अभिषेक ने छोटे भाई आर्यन की हत्या महज 20 रुपये के विवाद में की थी। यह जानकारी पिता रामचंद्र ने दी। पुलिस ने सोमवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया।
रामचंद्र ने बताया कि अभिषेक नशे का आदी था। रविवार सुबह उसने मां मंजू देवी से नशे के लिए 20 रुपये मांगे थे। मां के मना करने पर उसने उन्हें लात मार दी। आर्यन ने इस पर भाई को टोका, जिससे दोनों में झगड़ा हुआ। माता-पिता ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया था। दोपहर में माता-पिता के बाहर जाने पर दोनों भाई घर पर अकेले थे। इसके बाद दोनों के बीच फिर विवाद हो गया और आरोपी अभिषेक ने गैस सिलिंडर से आर्यन के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
पिता बोले, अभिषेक भी उनके लिए मर गया
रामचंद्र ने बताया कि सोमवार सुबह वे लोग जानकीपुरम थाने गए थे। अभिषेक ने दरोगा के पूछने पर चाय और समोसा मंगवाया। उसके चेहरे पर हत्या का कोई अफसोस नहीं था। उनका कहना है कि अब बड़ा बेटा भी उनके लिए मर गया है। वह कभी उसका चेहरा नहीं देखेंगे।
आर्यन की फाइल फोटो।