लापता महिला का शव मिलने के मामले में हत्या की रिपोर्ट
लखनऊ। गोसाईंगंज के कपेरा पुरवा निवासी जगराना (55) का शव घर से कुछ दूरी पर एक मकान में मिलने के मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है। गांव के एक व्यक्ति आशाराम व कुछ अज्ञात पर शक जताया गया है।
इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई थी। इसी आधार पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। नामजद आशाराम की तलाश की जा रही है। अभी तक वारदात की वजह नहीं पता चल सकी है। परिजनों ने भी कोई रंजिश या आरोप का जिक्र तहरीर में नहीं किया है।
बता दें कि शनिवार शाम को जगराना दुकान जाने के लिए निकली थीं। इसके बाद वह लापता हो गई थीं। बेटे मनोज ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। रविवार शाम को सत्यप्रकाश के पुराने मकान में उनका शव पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर तीन से चार चोट के निशान मिले और हेड इंजरी से मौत होने की पुष्टि हुई थी।