लखनऊ। तालकटोरा के आलमनगर में बृहस्पतिवार की देर रात हिंद टेंट हाउस में वहां के कर्मचारी की ईंट से मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने टेंट मालिक, उसके भाई सहित पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। आरोप है कि मजदूरी मांगने पर हत्या की गई। वहीं जांच में पुलिस को पता चला है कि विवाद के दौरान साथी ने मजदूर पर ईंट से हमला कर दिया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
हरदोई के संडीला बहलोलपुर निवासी अनमोल (30) असलम के टेंट हाउस पर काम करते थे और वहीं रुक भी जाते थे। उनके भाई आलोक कुमार सिंह ने बताया कि रात 12 बजे अनमोल की हत्या की सूचना मिली। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर परिजनों ने शिनाख्त की। शुक्रवार को टेंट हाउस मालिक असलम, उनके भाई रेहान, कर्मचारी लालू और दो अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराय। इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे का कहना है कि जांच की जा रही है।
खाने के पैसों को लेकर हुआ था विवाद, हिरासत में
पुलिस को जांच में पता चला है कि अनमोल का टेंट हाउस पर काम करने वाले हरदोई के बघौली निवासी सोमेंद्र से खाने के रुपये को लेकर विवाद हुआ था। नशे में पहले अनमोल ने सोमेंद्र को डंडा मारा। गुस्से में आकर सोमेंद्र ने ईंट से अनमोल के सिर पर वार कर दिया। फिर खबर टेंट हाउस मालिक को दी। अनमोल को ट्राॅमा ले गए, वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सोमेंद्र दस साल से टेंट हाउस में काम कर रहा है, जबकि अनमोल ने माहभर पहले ही काम शुरु किया था। पुलिस ने सोमेंद्र को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में उसने बताया कि अनमोल खाने के पैसे नहीं देते थे। इसी बात पर झगड़ा हुआ था।