फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अंबाला के इंजीनियर की बाराबंकी में गोली मारकर हत्या, इस वजह से आए थे यूपी

Sun, 22 Apr 2018 11:51 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
अमित कुमार सिंह (फाइल) और शोकाकुल परिवारीजन - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
बाराबंकी शहर कोतवाली क्षेत्र में गढ़ी छतेना गांव के पास शुक्रवार देर रात पंजाब के अंबाला स्थित शुगर मिल के एक इंजीनियर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गाजीपुर जिले के रहने वाले इंजीनियर की हत्या के मामले में पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक, शहर कोतवाली क्षेत्र में गढ़ी छतेना गांव के पास इंदिरा नहर के किनारे शनिवार सुबह एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि युवक की सिर में गोली मारकर हत्या की गई है।

छानबीन में मृतक की शिनाख्त गाजीपुर जिले के ग्राम मोहम्मदपुर थाना साजिदाबाद के रहने वाले अमित कुमार सिंह (32) पुत्र रामअवध सिंह के रूप में हुई। छानबीन में पता चला कि अमित कुमार सिंह पंजाब के अंबाला जिला स्थित शुगर मिल में सीनियर मैकेनिकल इंजीनियर पद पर तैनात थे। अमित अपनी कंपनी की बैठक में शामिल होने के लिए दो दिन के लिए लखनऊ आए थे।
विज्ञापन


शुक्रवार को बैठक खत्म होने के बाद वह होटल चले गए थे। शनिवार को बैठक के बाद उन्हें अंबाला लौटना था मगर रात में ही उनका कत्ल हो गया। हत्या किसने और किन कारणों से की? ये अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना की जानकारी पाकर पहुंचे अमित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।

शहर कोतवाल राजकुमार पांडेय ने बताया कि, मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। हत्या के कारण व आरोपियों के बारे में पता किया जा रहा है। अमित लखनऊ के किस होटल में रुके थे, किस-किस से मुलाकात व किस-किस से फोन पर बातचीत हुई? इसकी छानबीन की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।
विज्ञापन

आखिरी बार भाभी से हुई थी बात

मामले की जांच करती पुलिस। - फोटो : amar ujala
मृतक के पिता राम अवध सिंह ने बताया कि, अमित ने शुक्रवार को कंपनी की बैठक निपटाने के बाद रात में अपनी भाभी नीरज सिंह से फोन पर बात की थी और कहा था कि बहुत थकान लगी है अब कमरे में सोने जा रहे हैं। इसके बाद ही उसकी हत्या कर दी गई।              

डेढ़ साल पहले हुआ था विवाह
अमित का विवाह करीब डेढ़ साल पहले स्वाति सिंह से हुआ था मगर अभी उनके कोई संतान नहीं है। घटना के बाद से जहां परिवारीजनों में शोक की लहर दौड़ गई है वहीं पत्नी भी बेसुध है। अमित के कत्ल के बाद उनके भाई प्रवीण सिंह के कंधेे पर ही परिवार की जिम्मेदारी आ गई है।  

लखनऊ बार्डर पर हुई वारदात
इंजीनियर की हत्या कर शव जहां फेंका गया वह स्थान लखनऊ जिले के बार्डर पर पड़ता है। इसके चलते वारदात के बाद मौके पर लखनऊ व बाराबंकी पुलिस पहुंची मगर बाद में जब घटनास्थल बाराबंकी निकला तो शहर कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन शुरू कर दी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें