दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन के पास सनसनीखेज वारदात, कारोबारी की सरेराह गोली मारकर हत्या
बेखौफ बदमाशों ने खाकी को चुनौती देते हुए आलमबाग इलाके में घड़ी व्यापारी की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद दो लाख रुपये से भरा ट्रॉलीबैग लूट लिया।
हमले में दिल्ली से तगादा करने आया साथी व्यापारी घायल हो गया। दोनों व्यापारी स्कूटी पर सवार थे। दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन के पास रविवार रात करीब 10 बजे हुई इस वारदात से सनसनी फैल गई।
मौके पर पहुंचे एसएसपी कलानिधि नैथानी ने इलाके की नाकाबंदी कराई, लेकिन बदमाशों का पता नहीं चला।
प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार शाही ने बताया कि नाका के दुर्विजयगंज निवासी घड़ी एवं सिगरेट-पानमसाला व्यापारी मनोज भट्टाचार्य (50) दिल्ली से आए अपने दोस्त आशुतोष बजाज उर्फ आशू को साथ लेकर चारबाग में गुरुनानक मार्केट से तगादा वसूलने के बाद स्कूटी से चारबाग रेलवे स्टेशन जा रहे थे।
इसी दौरान बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। घायल आशुतोष ने पुलिस को बताया कि दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन के पास बाइक से आए दो बदमाशों ने उनकी स्कूटी को ओवरटेक करके रोका।
पिछली सीट से उतरे बदमाश ने उनके सिर पर तमंचे के बट से हमला कर स्कूटी समेत गिरा दिया। मनोज को गोली मारकर दो लाख रुपये व अन्य सामान से भरा ट्रॉली बैग लूट ले गए।
इस बीच, राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लहूलुहान मनोज को ट्रॉमा सेंटर और आशुतोष को अजंता अस्पताल पहुंचाया। ट्रॉमा में डॉक्टरों ने मनोज को मृत घोषित कर दिया।
तहकीकात में सामने आए चार बदमाश
पुलिस की तहकीकात में सामने आया कि वारदात में 4 बदमाश शामिल थे। दो बदमाशों ने व्यापारियों पर हमला किया। बाकी दो बदमाश कुछ दूरी पर बाइक पर थे और इलाके की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। बदमाशों के सुराग के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
घायल ने बताया हुलिया, तलाश में जुटी पुलिस
एसएसपी के अलावा आलमबाग व नाका के प्रभारी निरीक्षक ने घायल आशुतोष से वारदात के बारे में जानकारी की और बदमाशों के हुलिया पता किया। उसके बताये हुलिये के आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
रेकी करके अंजाम दी वारदात
पड़ताल में जुटे पुलिस अधिकारियों ने रेकी करके वारदात अंजाम दिए जाने की आशंका जताते हुए आलमबाग से लेकर चारबाग तक विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किए है। माना जा रहा है कि किसी दुकान से तगादे में मिली रकम को सूटकेस में रखते देखकर बदमाशों ने पीछा करके वारदात अंजाम दी।
रोते बिलखते पहुंचा परिवार
व्यापारी मनोज भट्टाचार्य पर हमले का पता चलने पर उनकी पत्नी अमिता, बेटा अनुराग, बेटी सोनाली व परिवार अन्य लोग रोते-बिलखते ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। शव देखकर अमिता चक्कर खाकर गिर गईं। मंझले भाई राजीव भट्टाचार्य ने बताया कि मनोज चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। बड़े भाई नरेश भट्टाचार्य हैं और सबसे छोटे राजू दिमागी बीमारी से ग्रस्त हैं।
मौके पर पहुंचे अफसर
नाका के प्रभारी निरीक्षक सुजीत कुमार दुबे मौके पर पहुंचे। इसके साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी, अपर पुलिस अधीक्षक नगर पूर्वी सुरेश कुमार रावत, क्षेत्राधिकारी संजीव कुमार सिन्हा, क्षेत्राधिकारी अपराध दीपक कुमार सिंह, स्वाट टीम प्रभारी अंजनी कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे।