लखनऊ। अलीगंज थाना क्षेत्र के अहिबरनपुर झुग्गी-झोपड़ी में शुक्रवार देर रात दो लोगों में झगड़े के दौरान बीच-बचाव करने गए एक मजदूर को ही लाठी-डंडे से पीटकर मार डाला गया। शनिवार भोर सड़क किनारे उसका शव पड़ा देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच शुरू की तो दो लोगों का नाम सामने आया। दोनों आपस में मामा-भांजे हैं। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है।
अलीगंज इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार भोर अहिबरनपुर में एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली। उसकी पहचान हरदोई के इमलियाबाग मंडाई, थाना संडीला निवासी अर्जुन भुर्जी (27) के रूप में हुई। वह कई साल से अहिबरनपुर की झोपड़पट्टी में रहकर गल्ला मंडी में मजदूरी करता था। हसनगंज थाना क्षेत्र के ब्रह्मनगर में रहने वाले अर्जुन के भाई सोनू ने अलीगंज थाने में तहरीर दी है। इसमें बताया कि शुक्रवार रात शराब पीने के दौरान झोपड़पट्टी में ही रहने वाले मातादीन और छंगा के बीच मारपीट हो रही थी। अर्जुन बीच-बचाव कराने लगा तो छंगा व उसके मामा ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। गंभीर चोटों से अर्जुन की मौत हो गई तो दोनों हमलावर भाग गए। इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतक अर्जुन के भाई सोनू की तहरीर पर आरोपी छंगा व उसके मामा के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।