लखनऊ। नगराम के पतौना गांव में मंगलवार देर शाम दोस्तों संग घर से निकले एक युवक का शव बुधवार सुबह गांव के बाहर खून से लथपथ पड़ा मिला। गले में मफलर लिपटा मिलने से आशंका जताई जा रही है कि गला दबाने के साथ ही किसी भारी चीज से सिर कूंचकर हत्या की गई है। नगराम इंस्पेक्टर के मुताबिक, मृतक की पत्नी की तहरीर पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस प्रेम प्रसंग समेत अन्य पहलुओं पर छानबीन कर रही है। वहीं कातिलों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीण हंगामा करने लगे। डीसीपी (दक्षिण) गोपाल कृष्ण चौधरी, एडीसीपी (दक्षिण) राजेश श्रीवास्तव व एसीपी विजयराज सिंह ने शीघ्र ही कातिलों को गिरफ्तार कर वारदात के खुलासे का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया।
पुलिस के अनुसार, नगराम के पतौना गांव के बाहर नहर के किनारे बुधवार सुबह खून से लथपथ शव पतौना गांव के ही किसान शिवकुमार (34) का है। मृतक के गले में मफलर लिपटा मिला और सिर पर पीछे की तरफ गहरा घाव था। आशंका है कि गला दबाने के साथ ही सिर पर किसी भारी चीज से वार करके शिवकुमार की हत्या की गई है। शिवकुमार की पत्नी पुष्पा ने बताया कि मंगलवार को गांव के ही महेश गौतम, जीतू यादव और रोहित उर्फ टिल्लू उसके घर आए थे। शिवकुमार तीनों लोगों संग गाय खरीदने के लिए जगनखेड़ा गया था। शाम पांच बजे वह पिकअप पर गाय लेकर घर आ गया। कुछ देर बाद ही पड़ोस के जगनखेड़ा निवासी रज्जन की पत्नी किरन की कॉल आई। इस पर शिवकुमार तीनों दोस्तों संग वहां जाने की बात कहकर चला गया। रात साढ़े आठ बजे फोन करने पर शिवकुमार ने मोहनलालगंज में होने की जानकारी दी। रात 12 बजे तक घर न लौटने पर पुष्पा ने फोन किया तो घंटी बजने के बाद मोबाइल बंद हो गया। इसके बाद शिवकुमार से संपर्क नहीं हो सका।
नगराम इंस्पेक्टर शमीम खान ने बताया कि शिवकुमार की पत्नी ने तहरीर देकर गांव के ही महेश गौतम, जीतू यादव और रोहित उर्फ टिल्लू के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। शिवकुमार के गले में लिपटे मिले मफलर से कातिल तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जबकि दो नामजद युवक फरार हैं।
शिवकुमार प्रेमलाल रावत का इकलौता बेटा था। शिवकुमार के परिवार में पत्नी पुष्पा, बेटी स्वाति (14), बेटा लकी (12) और दस साल की जुड़वा बेटियां सानिया व सेजल हैं। शिवकुमार खेती करके परिवार का गुजारा करता था। उसकी हत्या से घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।