लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र के कांशीराम कॉलोनी सदरौना निवासी अमित कुमार (22) की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके ही दोस्त राजेश गौतम को गिरफ्तार किया है। पत्नी संग अमित के अवैध संबंध होने की जानकारी के बाद उसने हत्या की साजिश रची थी।
एसओ पारा अशोक कुमार ने बताया अमित दो अगस्त को रहस्यमय हालात में लापता हो गया था। उसके पिता पप्पू ने पारा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उसका शव मलिहाबाद के मनकोटी गांव में मिला था।
जांच में अमित के मकान में ऊपर की मंजिल पर रह रहे राजेश गौतम की भूमिका संदिग्ध मिली। हिरासत में पूछताछ के बाद उसने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। बताया कि अमित और उसकी पत्नी के बीच काफी दिनों से संबंध थे।
जानकारी पर उसने पत्नी और दोस्त अमित को समझाने की कोशिश की लेकिन दोनों नहीं माने। बदनामी के डर से राजेश ने अमित को रास्ते से हटाने की साजिश रची। अमित कुमार शराब पीने का आदी था।
वह अक्सर राजेश गौतम के साथ बैठकर शराब पीता था। इसी बात का फायदा उठाकर राजेश उसे धोखे से अपनी वैन में बैठाकर ले गया। मलिहाबाद के गांव मनकोटी के पास आम के बाग में ले जाकर रस्सी से उसका गला कस दिया। इसके बाद चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। राजेश गौतम की निशानदेही पर पुलिस ने रस्सी और चाकू भी बरामद कर ली है।