राजधानी लखनऊ के बाजार खाला क्षेत्र में सट्टे के लेनदेन के झगड़े में रविवार रात सूदखोरों ने युवक को गोलियों से भून डाला। सरेराह वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। मारे गए युवक के भाई ने तीन सट्टेबाज व सूदखोरों पर हत्या का आरोप लगाया है।
एसएसपी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि नाका के मोहल्ला बिरहाना निवासी राकेश जायसवाल उर्फ गट्टू (25) रविवार रात बाजार खाला के रामलीला ग्राउंड से वाटर वर्क्स की तरफ जा रहा था। रास्ते में पीली कॉलोनी निवासी सट्टेबाज व सूदखोर ज्ञानप्रकाश मिश्रा उर्फ पेलू ने अपने भाई राजेश और साले शिवाकांत की मदद से उसे रोका।
बताते हैं कि सट्टे के 60-70 हजार के लेनदेन को लेकर राकेश से तीनों का झगड़ा होने लगा। बदमाशों ने मारपीट के साथ राकेश पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। थोड़ी दूर पर मौजूद शमशेर नामक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी। इस बीच तीनों बदमाश पिस्तौल लहराते हुए भाग निकले।
राकेश को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राकेश के भाई रवि जायसवाल ने लेनदेन के झगड़े में हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।