लखनऊ। पारा के तिवारी नगर में रहने वाली मुन्नी देवी के बेटे राहुल की मौत के मामले में कोर्ट के आदेश पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। राहुल का शव 17 मार्च को फंदे पर लटका मिला था। आरोप है कि सरोसा निवासी ऋषभ यादव, उसके पिता गोकरन और मां ने राहुल की हत्या की है।
इंस्पेक्टर पारा के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका था। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मुन्नी देवी का आरोप है कि 14 मार्च को गोलू और उसके माता-पिता उनके घर आए थे। उन्होंने राहुल से गाली गलौज की। 16 मार्च को फिर आए और राहुल के साथ मारपीट कर अपने साथ ले गए। इसके बाद राहुल किसी तरह उनकी चंगुल से छूटकर अपनी दुकान में जाकर छिप गया। अगले दिन राहुल का शव फंदे पर लटका मिला। पीड़िता ने पारा पुलिस और पुलिस आयुक्त से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने कोर्ट की शरण ली।