मोहनलालगंज। तहसील से वापस अपने गांव मरूई लौट रहे बाइक सवार धनवीर (65) को बुधवार की रात लगभग आठ बजे बनी रोड पर बहादुर खेड़ा के निकट अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जख्मी हालत में परिजन उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने धनवीर को मृत घोषित कर दिया। वह तहसील में लेखपाल के मुंशी थे।
उधर, दूसरे हादसे में बनी रोड पर ही बीएसएफ गेट नंबर 2 के निकट मोहनलाल खेड़ा निवासी बाइक सवार सचिन और आईटीबीपी के कांस्टेबल पवन कुमार उपाध्याय की गाड़ी आपस में टकरा गई। हादसे में जख्मी सचिन को सीएचसी से ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। जख्मी कांस्टेबल पवन कुमार उपाध्याय को आईटीबीपी की एंबुलेंस निजी अस्पताल लेकर चली गई। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।