लखनऊ। इंदिरानगर निवासी कारोबारी शशिकांत पांडेय ने गैंगस्टर मुन्ना बजरंगी के पार्टनर पर पिता को पीटने का आरोप लगाया है। यह हमला एक करोड़ रुपये के निवेश को लेकर हुआ।
शशिकांत के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2025 में गोमतीनगर विस्तार स्थित ऑरेंज कैसेल निवासी राजीव अग्रवाल व राघव की फर्म में एक करोड़ रुपये निवेश किए थे। दोनों ने रकम हड़प ली। 16 नवंबर 2025 को उनकी पत्नी नीतिका को रुपये भूल जाने व हत्या की धमकी मिली। 23 नवंबर को गैंगस्टर का पार्टनर दो साथियों के साथ उनके अपार्टमेंट आया। नीतिका की सूचना पर उनके पिता व भाई लाइसेंसी बंदूक लेकर वहां पहुंचे तो आरोपियों ने दोनों को पीटा। यह हमला राजीव और राघव के कहने पर हुआ। इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह के अनुसार, कोर्ट के आदेश पर राजीव, राघव व तीन अन्य पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की तफ्तीश की जा रही है।