नगर निगम बांग्लादेशियों की करेगा पहचान।
लखनऊ। बांग्लादेशियों की पहचान के लिए कार्यदायी संस्था से तैनात करीब 12 हजार सफाई कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने के बाद नगर निगम अब कूड़ा उठाने वाली ठेलियों को एक रंग में रंगेगा। ठेलिये पर जोन और वार्ड का नंबर भी डाला जाएगा। महापौर सुषमा खर्कवाल के पत्र के बाद नगर आयुक्त ने सफाई कार्य में लगे बांग्लादेशियों की पहचान के लिए यह नया आदेश जारी किया है।
नगर आयुक्त गौरव कुमार की ओर से सभी अपर नगर आयुक्तों को जारी आदेश में इस बात पर नाराजगी भी जताई गई है कि पूर्व में दिए गए निर्देशों के बाद भी अवैध ठेलिया वालों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। महापौर ने इसके लिए पूर्व में पत्र भी लिखा था। ऐसे में कूड़ा उठाने का काम नगर निगम से अधिकृत ठेलिया वालों से कराया जाए। जो अवैध रूप से काम कर रहे हैं, उनकी पहचान कर ठेलिया जब्त की जाए। पहचान के लिए नगर निगम की ठेलिया एक ही रंग (हरा-नीला) की होनी चाहिए। अवैध ठेलिया से कूड़ा उठाने का काम मिलने पर सीधे तौर पर जोनल अफसर और जोनल सेनेटरी अफसर की जिम्मेदारी तय की जाएगी।