राज्य संग्रहालय में रखी प्रदेश की एकमात्र तीन हजार साल पुरानी ‘ममी’ 9 दिनों बाद ग्राउंड फ्लोर पर आ जाएगी।
संग्रहालय में बन रही इजिप्शियन गैलरी का काम लगभग पूरा हो चुका है। अंतिम चरण का काम पूरा होते ही ऊपर की मंजिल पर
अरसे से रखी ‘ममी’ को दर्शकों के लिए गैलरी में उतारा जाएगा। सूत्रों की मानें तो जून के दूसरे पखवारे में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गैलरी का उद्घाटन कर सकते हैं।
संग्रहालय के निदेशक एके पांडेय ने बताया कि ग्राउंड फ्लोर पर बन रही इजिप्शियन गैलरी का काम लगभग पूरा हो चुका है।
अंतिम चरण के काम के अलावा गैलरी को फिनिशिंग टच देना बाकी है, जिसे आठ से दस दिन में पूरा कर लिया जाएगा।
इसके बाद ऊपर की मंजिल में रखी प्रदेश की एक मात्र ममी को गैलरी में उतारा जाएगा। ये काम विशेषज्ञों की देखरेख में 10 जून को होगा।
ग्राउंड फ्लोर पर तैयार हो रही गैलरी वातानुकूलित होगी। गैलरी में प्रवेश करते ही दर्शकों को मिस्त्र में होने की अनुभूति हो इसके लिए गैलरी के एंट्री गेट पर ही स्फ्रिंक्स, अंदर खजूर के पेड़ और शाही सेवकों की फौज कोलकाता से आए कलाकारों ने बनाई है।
पिरामिड के आकार के भीतर यहां ‘इजिप्शियन ममी’ को रखा जाएगा। ये करीब साढ़े तीन दशकों में दूसरा मौका होगा जब ममी अरसे बाद नीचे आएगी।