गाजीपुर रैली में सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने मंत्रियों को भी नसीहतें दीं। मंच पर बैठे नेताओं और मंत्रियों की ओर इशारा करते हुए कहा-अगली लाइन में बैठे लोगों को सोचना चाहिए। समाजवादी सिद्धांत है, बंद मुट्ठी-खुली जबान। गलत काम पर क्यों नहीं खुलकर बोलते ? इन्हें बोलना चाहिए। अनुशासन में रहकर क्यों नहीं कहते कि गलत काम हो रहा है। पार्टी के ये हालात हैं, मैं नहीं जानता था।
कौन समर्थक-कौन विरोधी, इस चक्कर में ना पड़ो
सपा मुखिया ने युवाओं से कहा, आने वाले दिनों में पार्टी आपके हाथों में होगी। ऐसी ऐरी-गैरी बातें न करो। कौन विरोधी है, कौन समर्थक, इन चक्करों में मत पड़ो। उनके साथ रहिए जो पार्टी को ठीक कर रहे हैं।
कुछ लोग मीठी वाणी नहीं बोलते, किसी के पक्ष में नारे लगाते हैं। ये सब बातें मन से निकाल दो, तभी आगे बढ़ोगे। उन्होंने मंच पर बैठे नेताओं से भी गुटबंदी खत्म करने की अपील की।
'अब नहीं लगते प्रशिक्षण शिविर, पहले यहीं से निकलते थे नेता'
मुलायम ने कहा, पहले पार्टी के प्रशिक्षण शिविर लगते थे। युवाओं को पार्टी की नीतियों के बारे में बताया जाता था। वहां से निकले युवा नेता बन जाते थे।
पिछले पांच साल में एक भी प्रशिक्षण शिविर नहीं हुआ। हमने जिला स्तर तक शिविर लगाए थे। आगे चलकर नौजवानों को पार्टी और सत्ता संभालनी है। हमने हमेशा उन्हें आगे बढ़ाया है। उन्हें समाजवादी विचारधारा के बारे में पढ़ना चाहिए।
अच्छे-बुरों की हुई पहचान
मुलायम ने कहा, अच्छे समय में पहचान हो गई है कि कौन पार्टी का शुभचिंतक है और कौन गलत काम करने वालों के साथ है। जनता ईमानदार लोगों का साथ देगी। हम पार्टी की एकता, मजबूती और पूर्ण बहुमत की सरकार चाहते हैं। नौजवानों पर सबसे ज्यादा भरोसा है। वे सबसे ज्यादा मेहनत और संघर्ष करते हैं।
अफजाल को पार्टी में लेने का विरोध किया, पर परवाह नहीं की
सपा मुखिया ने कौमी एकता दल के पूर्व अध्यक्ष अफजाल अंसारी और सिगबतुल्ला अंसारी को बधाई दी। कहा, इनके आने से पूरब में पार्टी का मामला ठीक हो जाएगा। कुछ लोगों ने इन्हें पार्टी में लेने का विरोध किया। मैंने विरोध की परवाह नहीं की। शिवपाल और हमने खुलकर इनका साथ दिया।
दोनों भाइयों को पार्टी में शामिल किया। इससे पूर्वांचल में बड़ा फायदा होगा। वे 20 सीटों पर लड़ते और 4 से 5 हजार वोट लेकर हरा देते। इनके आने से सपा पूर्वांचल में भारी बहुमत से जीतेगी।