इस बार का चुनाव महत्वपूर्ण है। बस महीने मेहनत कर लो फिर पांच साल मिल जाएंगे। दोबारा भारी बहुमत से सरकार बनानी होगी। ये बात मुलायम सिंह यादव ने सपा की संदेश यात्रा शुरू करते वक्त कहीं। इस दौरान सपा सुप्रीमो ने कहा कि इस यात्रा के दौरान बाकी सारी यात्राएं फीकी रह जाएंगी।
वहीं सीएम अखिलेश यादव ने कहा, सपा के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। समाजवादी पार्टी ने जमीन पर जाकर काम किया है। अच्छे दिनों की बात करने वालों ने मेट्रो नहीं चलवाई है। इस दौरान अखिलेश ने सरकार की उपलब्धियां गिनवाईं और कहा, सपा सरकार ने लैपटॉप बांटे, साड़ी के लिए रंग और पसंद की जरूरत होती है इसलिए समाजवादी पेंशन दी। अखिलेश ने कहा कि सपा की एक और रथयात्रा होगी जिसमें हम वोट मांगने जाएंगे।
बता दें कि चुनाव आते ही यूपी में ‘यात्राओंं’ का दौर तेज हो गया है। भाजपा की तिरंगा यात्रा, कांग्रेस की 27 साल यूपी बेहाल बस यात्रा इसके बाद राहुल गांधी की किसान यात्रा के साथ सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह की संदेश यात्रा भी शुरू हो गई। बता दें कि छह सितंबर से शुरू हुई कांग्रेस की किसान यात्रा अभी जारी है।