सपा के संस्थापक अध्यक्ष व पूर्व रक्षामंत्री मुलायम सिंह यादव परिवार में बेटे अखिलेश यादव और भाई शिवपाल सिंह यादव के बीच संतुलन बनाकर चल रहे हैं। डॉ. लोहिया की पुण्य तिथि पर शिवपाल सिंह यादव के साथ मंच साझा करने वाले मुलायम सिंह ने बुधवार को सपा के प्रदेश कार्यालय पहुंचकर पार्टी नेताओं से गुफ्तगू की।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता इस बात का ध्यान रखें कि किसी गरीब के साथ अन्याय न होने पाए। वह सपा दफ्तर में राज्यसभा सदस्य व पूर्व केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा के छोटे भाई रमेश वर्मा की शोकसभा में भी शामिल हुए।
मुलायम दोपहर में सपा के प्रदेश मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, आजम के विधायक आलम बदी, सांसद विशंभर प्रसाद निषाद, पूर्व सांसद बाल कुमार पटेल, मिथिलेश कुमार, नन्द किशोर यादव (पूर्व सांसद), एमएलसी अरविंद कुमार सिंह और राम दुलार राजभर समेत कई नेताओं से बातचीत की।
उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा के छोटे भाई के निधन पर शोक सभा को संबोधित किया। उन्होंने पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया। यह सुनिश्चित करें कि गरीबों के प्रति अन्याय न होने पाए।