मुलायम सिंह यादव की रहनुमाई में नई पार्टी के गठन की उम्मीद संजो रहे शिवपाल यादव को सोमवार को करारा झटका लगा। मुलायम ने नई पार्टी बनाने से इन्कार किया। कहा कि अखिलेश यादव पुत्र हैं, इस नाते मेरा आशीर्वाद उनके साथ है लेकिन उनके कई फैसलों से सहमत नहीं हूं।
यह पूछने पर कि कौन से फैसलों से सहमत नहीं है तो कहा, यह बाद में बताऊंगा। उन्होंने अखिलेश को भी नसीहत दी कि जो बाप का नहीं हो सकता, वह किसका होगा, उस पर कौैन विश्वास करेगा?
ये भी पढ़ें- नई पार्टी के ऐलान से पलटे मुलायम, अखिलेश बोले- नेताजी जिंदाबाद
मुलायम सोमवार को लोहिया ट्रस्ट में मीडिया से मुखातिब थे। उन्होंने लिखित बयान पढ़कर केंद्र व प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने पार्टी में उठापटक और नए दल के गठन की अटकलों पर यह अपील करके विराम लगा दिया कि समाजवादी विचारधारा के लोग गरीब, मजदूर, किसान, नौजवान, महिलाओं और छात्रों को सपा से जोड़ें।
मुलायम के प्रेस नोट से खुलासा, खोखली नहीं थी नई पार्टी के गठन की खबरें
सपा पूरे प्रदेश में, गली, मुहल्ले और गांव-शहरों में है। सपा में नेतृत्व के सवाल पर कहा कि नेतृत्व हम ही कर रहे हैं। मंच पर बैठे भगवती सिंह, शारदा प्रताप शुक्ला व अन्य नेताओं का नाम लेकर कहा- ये सब बैठे हैं, इन्हें कौन नहीं जानता? क्या नया दल बनाएंगे, इस पर कहा कि नया दल बनाने का सवाल नहीं उठता। एक सवाल के जवाब में मुलायम ने कहा, मैं अखिलेश या शिवपाल नहीं, सपा के साथ हूं।