रविवार को राजधानी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव का जन्मदिन भव्य अंदाज में मनाया जाएगा। सवेरे 10 बजे सपा मुख्यालय में कार्यक्रम होगा और शाम को चार बजे जनेश्वर मिश्र पार्क में 207 फीट ऊंचा तिरंगा फहराया जाएगा।
सपा मुखिया मुलायम सिंह और सीएम अखिलेश यादव दोनों समारोहों में मौजूद रहेंगे। जनेश्वर मिश्र पार्क के कार्यक्रम में राज्यपाल राम नाईक भी शामिल होंगे।
समाजवादी पार्टी पूरे प्रदेश में मुलायम सिंह की 76वीं वर्षगांठ बड़े धूमधाम से मना रही है। सभी जिलों में ब्लॉक और बूथ स्तरों तक उनके जन्मदिन समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्य समारोह शनिवार को मुलायम के जन्म स्थान सैफई में आयोजित किया गया। वहां आधी रात को सपा प्रमुख द्वारा भव्य समारोह में जन्मदिन का केक काटे जाने के बाद सपा नेताओं ने राजधानी की तरफ रुख किया।
सपा के प्रदेश प्रवक्ता व मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि रविवार को सपा मुख्यालय में सवेरे 10 बजे जन्मदिन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें केक काटकर नेताजी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी जाएंगी। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
कई धर्मों के धर्मगुरू होंगे शामिल
समारोह में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी, विधायक, सांसद तथा मंत्री शामिल होंगे। समारोह के लिए मुख्यालय में बड़ा मंच बनकर तैयार हो गया है। उन्होंने बताया कि शाम को जनेश्वर मिश्र पार्क में विशेष आयोजन होगा।
उधर, जनेश्वर मिश्र पार्क में शाम को चार बजे से कार्यक्रम होंगे। इसमें विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु भी मौजूद रहेंगे। एलडीए के उपाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जनेश्वर मिश्र पार्क में दिल्ली के कनॉट प्लेस सेंट्रल पार्क और फरीदाबाद के टाउन पार्क की तर्ज पर पर में 207 फीट ऊंचा तिरंगा झंडा फहराया जाएगा।
करीब 38 किलो वजन के इस झंडे को फहराने में लगभग 20 मिनट का समय लगेगा। सूर्यास्त के बाद भी झंडा नहीं उतारा जाएगा, इसकी इजाजत ले ली गई है। रात में तिरंगे पर रोशनी डाली जाएगी।
सियासी सफरनामे पर होगी चर्चा
राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि मुलायम सिंह यादव का 77 वां जन्मदिन रविवार को प्रदेश भर में बूथ और वार्ड स्तर तक समाजवादी पार्टी के स्थापना दिवस के रूप में समारोहपूर्वक मनाया जाएगा। इस मौके पर मुलायम सिंह यादव के स्वास्थ्य एवं दीर्घायु होने की कामना की जाएगी और उनके राजनीतिक सफरनामे पर चर्चा होगी।
तीन बार मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार में रक्षामंत्री के रूप में उनके राजनीतिक संघर्ष तथा उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला व महानगर संगठनों और प्रकोष्ठों की ओर से रक्तदान, रोगियों में फल वितरण, निराश्रितों को अन्न व वस्त्र दान के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों भी आयोजित होंगे।
4 नवंबर 92 को हुआ का सपा के गठन का फैसला
समाजवादी पार्टी की स्थापना 4 नवंबर 1992 को राजधानी के बेगम हजरत महल पार्क में हुए राष्ट्रीय सम्मेलन में लिए गए निर्णय के साथ हुई थी।
मुलायम सिंह यादव इसके पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। तब से वह निर्विरोध चुने जा रहे हैं। सपा का विस्तार 18 राज्यों तक है और प्रदेश में पार्टी की बहुमत की सरकार है।