सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने कहा है कि आगामी लोकसभा चुनाव 2019 में वे मैनपुरी से ही लड़ेंगे। यह भी जोड़ा कि तेज प्रताप यादव उर्फ तेजू का क्या करना है यह हम बाद में तय करेंगे।
गुजरात चुनाव में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के पांच सीटों से प्रत्याशी उतारने के सवाल पर बोले, वहां सपा पांचों सीटों पर हारेगी। अखिलेश को गुजरात में सभी सीटों से अपने प्रत्याशी उतारने चाहिए थे।
शहर में एक तिलकोत्सव समारोह में रविवार दोपहर 12:30 बजे शिरकत करने आए सपा संरक्षक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
कहा कि यह बेहद शर्मनाक है, ऐसे व्यक्ति को पार्टी से बाहर कर देना चाहिए। वे हमारे देश के प्रधानमंत्री हैं, उन्हें जनता ने बनाया है। ऐसे शख्स के खिलाफ टिप्पणी करना निंदनीय है। प्रधानमंत्री को नीच कहना सीधे-सीधे जनता का अपमान है।