सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने कहा है कि संसद के आगामी सत्र में राष्ट्रीय महत्व और प्रदेश हित के मामलों को जोरदार ढंग से उठाया जाएगा। सपा का समर्थन जनता दल परिवार के दूसरे धड़ों के नेता भी करेंगे। सभी के बीच सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ लड़ने की सहमति बनी है।
सपा मुखिया सोमवार को पार्टी मुख्यालय में मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, हमें पिछले लोकसभा चुनाव से केवल एक प्रतिशत कम मत मिले हैं। इससे संसद में सीटें जरूर कम हुईं पर जनता का विश्वास हमारी पार्टी पर बना हुआ है।
कम सीटों के बावजूद संसद में हमारा दमखम कम नहीं आंका जा सकेगा। जनता का भरोसा सपा पर है। हम केंद्र सरकार पर जनता से किए गए वादे पूरे करने का दबाव बनाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार से जनता के मोहभंग के कई कारण हैं।
केंद्र में सरकार बनने से पहले नौजवानों को रोजगार देने, महंगाई पर नियंत्रण करने, कालाधन वापस लाने के वादे किए थे। ये सब हवाई साबित हुए हैं। जनता महंगाई से परेशान है। चीन के आगे प्रधानमंत्री ने आत्मसमर्पण कर दिया। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के लोग भारत में मिलना चाहते हैं, किंतु केंद्र सरकार उदासीन बनी हुई है।