फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंत्रियों को मुलायम की धमकी, 15 दिन में हटा दूंगा!

Mon, 24 Nov 2014 11:32 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
एक दिन पहले ही रामपुर में 75वां जन्म दिन मनाकर राजधानी लौटे सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव रविवार को पूरे मूड में दिखे। एक-एक कर सबकी खबर ली। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव हों या उनके मंत्री या फिर अफसर। किसी को नहीं बख्शा।
विज्ञापन


बार-बार की चेतावनी के बावजूद मंत्रियों की कार्यशैली में बदलाव न होने से नाराज मुलायम ने उन्हें 15 दिन का अल्टीमेटम सुना दिया। साफ कहा, ‘ऐसा रहा तो उन्हें हटाने का विकल्प खुला है।’ शासन पर कमजोर पकड़ का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री की प्रशासनिक दक्षता पर भी अंगुली उठाई।

मौका था मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे और दो पुलों के शिलान्यास समारोह का। मुख्यमंत्री व उनके सहयोगियों, मुख्य सचिव आलोक रंजन के साथ शीर्ष नौकरशाही की मौजूदगी में मुलायम जब बोलने आए तो हर किसी को बंगले झांकने को मजबूर कर दिया।
विज्ञापन


मुलायम का मूड देखकर मंत्रियों और अफसरों को जैसे सांप सूंघ गया हो। निशाने पर मीडिया भी था। खास तौर आजम पर सवाल उठाने की वजह से। मुलायम ने मीडिया को नासमझ बताया। मुलायम पर 2017 के विधानसभा चुनाव की चिंता सिर चढ़कर बोलती नजर आई।

हर काम अधूरा, शायद विकास में रुचि ही नहीं

मुलायम ने छह महीने पहले एक बैठक का हवाला दिया। पूछा, सभी को एक-एक चमत्कारी काम करके बताने को कहा था या नहीं? अखिलेश और उनकी टीम ने सिर हिलाकर जवाब दिया तो पूछा- तो बताइए, किसने कौन-कौन सा ऐसा एक चमत्कारी काम किया जिसे लोग महसूस कर रहे हों।

सभी चुप रहे तो कहा- 15 दिन में 1-1 अच्छा काम करके बताओ। इसके बाद सीएम तारीख तय करें। वे आकर एक-एक से पूछ लेंगे।

मुलायम ने पूर्व मुख्य सचिव जावेद उस्मानी से काम न ले पाने के लिए सीधे मुख्यमंत्री को जिम्मेदार ठहरा दिया। कहा, उस्मानी उनके सचिव हुआ करते थे। अच्छा काम करते थे। पता नहीं आपका नियंत्रण कैसे रहा कि काम नहीं ले सके। अच्छी योजनाएं बनाने के लिए उन्होंने सीएम को सराहा तो समय से पूरा न होने पर सवाल भी खड़े किए। मंत्रियों से काम न ले पाने भी सवाल उठाए।

सपा सुप्रीमो ने कहा कि उनके जमाने में अफसर शिलान्यास के साथ ही उद्घाटन की तारीख बता दिया करते थे। आज बड़े-बड़े काम लंबे समय से अधूरे चल रहे हैं। पूरे ही नहीं हो रहे। लगता है, उन्हें विकास में रुचि ही नहीं।

रामपुर जैसा कस्बा पूरे देश में नहीं

मोदी सरकार पर हमला करते हुए मुलायम ने कहा कि वे कह रहे हैं गंदगी दूर करो, शौचालय बनवाओ। उन्हें बता होना चाहिए कि गरीबी से गंदगी है। गरीबी मिटाएंगे तो गंदगी भी खत्म होगी।

मुलायम ने महंगाई और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण न कर पाने के लिए भी मोदी को कटघरे में खड़ा किया। कहा, समस्याएं सुलझाइये। जनता ज्यादा इंतजार नहीं करती।

सपा मुखिया ने रामपुर के आयोजन में सरकारी खर्च और आजम खां के बयान को लेकर मीडिया पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि कुछ लोग नादान हैं जो सवाल उठा रहे हैं। रामपुर में एक पाई भी सरकार का नहीं लगा। रामपुर को आजम ने मॉडल बना दिया। हिंदुस्तान में रामपुर जैसा कोई कस्बा नहीं होगा।
विज्ञापन

मोदी सरकार को बताया नकलची

मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए उसे नकलची बताया। कहा, वह कह रहे हैं कि गंदगी दूर करो, शौचालय बनवाओ। यूपी में यह काम तो मैं 90 में ही करवा चुका हूं। घर-घर बाथरूम बनवाया। वह उनके ही कामों की नकल कर रहे हैं। वह पहले से ही कहते रहे हैं कि बिना उनकी नकल किए कोई सरकार नहीं बना सकता।

एक-एक गांव गोद लें अफसर तो विकास
सपा सुप्रीमो ने कहा- आईएएस-आईपीएस अफसर, डीएम-एसएसपी एक-एक गांव गोद ले लें तो गांवों का विकास हो जाए। मगर, उनकी अपने गांव की विकास में रुचि नहीं।

उदाहरण दिया, एक आईएएस अफसर को उसके ही क्षेत्र का कमिश्नर बनने का मौका मिला। क्षेत्र में गया तो पता चला कि सबसे गंदा तो उनका ही गांव था। तब मैंने वहां इंटर कालेज बनवाया। और भी काम कराए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें