दक्षिण कोरिया से प्रदेश में निवेश आने की काफी संभावना है। दक्षिण कोरिया के निवेशकों के लिए प्रदेश में स्पेशल हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। साथ ही उद्यमियों की सहूलियत के लिए कोरियन लैंग्वेज एक्सपर्ट की नियुक्ति भी की गई है। यह जानकारी सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, निवेश तथा निर्यात प्रोत्साहन मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने गुरुवार को दक्षिण कोरिया में भारत की राजदूत श्रीप्रिया रंगनाथन से ऑनलाइन चर्चा के दौरान दी।
उन्होंने दक्षिण कोरिया के साथ व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ाने में सहयोग की अपेक्षा भी की। सिद्धार्थनाथ ने दक्षिण कोरिया के निवेशकों की सुविधा के लिए राज्य सरकार की ओर से उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार की ओर से कोरियन कंपनियों को हर प्रकार का सहयोग दिया जाएगा।
दक्षिण कोरिया प्रतिवर्ष 50 बिलियन डालर का इलेक्ट्रॉनिक और इलेक्ट्रिक सामान खरीदता है। इसमें से 50 प्रतिशत अकेले चीन से आयात होता है। उत्तर प्रदेश से साउथ कोरिया में निर्यात की बहुत संभावनाएं हैं। उन्होंने राजदूत से दक्षिण कोरिया में उत्तर प्रदेश से आयात को बढ़ाने में विशेष सहयोग देने का आह्वान किया।