लखनऊ। तालकटोरा के सेक्टर-एफ निवासी एमआर हिमांशु पांडे (26) ने घर में फंदा लगा लिया। इसके कारण का पता नहीं चल सका है। मूल रूप से मैनपुरी में छिबरामऊ के रहने वाले हिमांशु पत्नी पलक के साथ लखनऊ में किराये पर रहते थे। वह फार्मा कंपनी में एमआर थे और टैक्सी बाइक भी चलाते थे। बाजारखाला में मोती झील कॉलोनी निवासी बहनोई प्रदीप ने बताया कि पलक होली पर मायके मैनपुरी गई हुई थी। हिमांशु घर पर अकेले थे। मंगलवार शाम प्रदीप उनका हाल-चाल लेने पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। मकान के नीचे के हिस्से में रहने वाले किरायेदार ने बताया कि हिमांशु सुबह से कमरे से नहीं निकले है।
प्रदीप ने कई बार दरवाजा खटखटाया पर अंदर से जवाब नहीं मिला। लोगों की मदद से वह दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे तो हिमांशु का शव पंखे से गमछे के सहारे लटका मिला। खबर पाकर हिमांशु के परिजन भी लखनऊ पहुंच गए। इंस्पेक्टर तालकटोरा कुलदीप दुबे ने बताया कि आत्महत्या के कारण का पता नहीं चल सका है। परिजनों ने भी कोई आरोप नहीं लगाया है। जांच के लिए हिमांशु के मोबाइल फोन को कब्जे में लिया गया है।