सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के तहत एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) उत्पादों की डिजाइन और पैकेजिंग को आकर्षक बनाने के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट आफ फैशन टेक्नालॉजी (निफ्ट), इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पैकेजिंग (आईआईपी) एयर सिडबी से शीघ्र एमओयू किया जाएगा।
इस समझौते से जहां उद्यमियों की पूंजी से संबंधित मुश्किलें दूर होंगी, वहीं उत्पादों की डिजाइन और पैकेजिंग बेहतर होगी। इसके साथ ही लोकल-वोकल को ग्लोबल बनाने में सुविधा मिलेगी। सिद्धार्थनाथ ने बताया कि इस समझौते के तहत निफ्ट की ओर से टेक्सटाइल्स, लेेदर और कारपेट बनाने वाले कारीगरों व उद्यमियों को डिजाइन की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ट्रेनिंग वर्कशाप भी आयोजित की जाएगी।
इसके अलावा निफ्ट ओडीओपी उत्पादों के लिए डिजाइनिंग बैंक भी विकसित करेगा। इसके माध्यम से उद्यमियों को अमेरिका व यूरोप समेत अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजार की मांग के अनुसार मैटेरियल, फैब्रिक, कलर और क्वालिटी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही उद्यमियों को ब्रांड आइडेंटिटी समेत ब्रांडिंग और उत्पादों के प्रमोशन की सुविधा भी दी जाएगी।