मोहनलालगंज। खुजौली चौराहे के पास शुक्रवार शाम वनरोज से टकराकर बाइक सवार उन्नाव के मौरावां निवासी धर्मेंद्र (25) की मौत हो गई। बाइक चला रहे उनके चचेरे भाई हिमांशु घायल हो गए।
इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह के मुताबिक, हिमांशु शुक्रवार शाम बिना हेलमेट के बाइक से धर्मेंद्र को लेकर गोसाईंगंज जा रहे थे। शाम करीब सात बजे दोनों खुजौली चौराहे के पास पहुंचे, तभी अचानक वनरोज बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि धर्मेंद्र करीब दस फीट उछलकर सिर के बल सड़क पर जा गिरे। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल हिमांशु को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें छुट्टी दे दी। पुलिस ने हिमांशु से धर्मेंद्र के परिजनों का नंबर लेकर हादसे की सूचना दी।