ममता की फाइल फोटो और हंगामा करते लोग।
लखनऊ। सरोजनीनगर स्थित निजी अस्पताल में सिजेरियन ऑपरेशन के बाद जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाकर शव रखकर प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है।
पराग डेयरी, एलडीए कॉलोनी निवासी बेचालाल ने पत्नी ममता (30) को सरोजनीनगर स्थित सीमा हॉस्पिटल में 25 अक्तूबर को भर्ती कराया था। सिजेरियन डिलीवरी के बाद प्रसूता ने मृत बच्चे को जन्म दिया था। प्रसूता अस्पताल में भर्ती थी। उसकी हालत सुधरने के बजाय लगातार बिगड़ती रही। सोमवार देर शाम मौत हो गई। पति बेचालाल ने बताया कि अस्पताल संचालक चार लाख रुपये की मांग कर रहे थे। 50 हजार रुपये रविवार को जमा किए गए थे। मौत के बाद बिना बिल चुकाए शव देने को भी राजी नहीं थे। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव अस्पताल से बाहर निकालकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है कि पुलिस के जरिये पत्र मिलने पर मामले की जांच कराकर कार्रवाई होगी।
ममता की फाइल फोटो और हंगामा करते लोग।