उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद में 69000 सहायक अध्यापक भर्ती के लिए 1,36,361 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। आवेदन के अंतिम दिन गुरुवार को अभ्यर्थी देर रात तक ऑनलाइन आवेदन जमा करते रहे।
69000 सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा में 1,46,060 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए थे। परीक्षा में 65 प्रतिशत (150 में से 97 अंक) कटऑफ के आधार पर सामान्य वर्ग के 36,614 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए थे। 60 प्रतिशत (150 में से 90 अंक) कटऑफ के आधार पर अनुसूचित जाति के 24308, अनुसूचित जनजाति के 270 और अन्य पिछड़ा वर्ग के 84868 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए थे।
बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव विजय शंकर मिश्र ने बताया कि 31 मई तक आवेदन पत्रों की जांच के बाद ऑनलाइन प्रोसेसिंग कर सूची वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। तीन से छह जून के बीच जिलों में काउंसलिंग कर नव चयनित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे।
भर्ती परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों में से सैंकड़ों अभ्यर्थी ऐसे हैं जिन्होंने परीक्षा के आवेदन पत्र में गलत तथ्य भर दिया था। ऐसे अभ्यर्थियों ने विभाग से त्रुटि सुधार की मांग की थी, लेकिन मौका नहीं मिलने के कारण वे शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन नहीं कर सके।