लखनऊ। उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ा दिए जाने के बाद से आवेदनों की संख्या में वृद्धि हो रही है। अब तक सौ से ज्यादा आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि यह संख्या 200 के पार हो सकती है।
संगीत नाटक अकादमी के निदेशक डॉ. शोभित नाहर ने बताया कि वर्ष 2022, 2023 और 2024 के लिए पुरस्कारों को लेकर आवेदन प्रक्रिया चल रही है और 2021 के लिए आवेदन पहले ही आमंत्रित किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि पुरस्कारों के लिए प्रदेश भर से आवेदन और संस्तुतियां मिल रहीं हैं। अब तक सौ से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। दिल्ली और मध्यप्रदेश समेत अन्य प्रदेशों में बसे कलाकारों ने भी आवेदन किया है। ये ऐसे कलाकार हैं जो उत्तर प्रदेश के मूल निवासी हैं लेकिन किसी कारणवश अब वहां रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि पहले 15 जून निर्धारित थी लेकिन अब इसे बढ़ाकर 25 जून कर दिया गया है जिससे ज्यादा से ज्यादा कलाकार पुरस्कारों के लिए आवेदन कर सकें।