लखनऊ मेट्रो के कॉमर्शियल रन को लेकर राजधानीवासियों में जबरदस्त क्रेज है। यही वजह है कि जब शुक्रवार को मेट्रो में यात्रा के लिए गो स्मार्ट कार्ड की बिक्री शुरू हुई तो लोग इसे खरीदने मेट्रो भवन से लेकर चारबाग, ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो स्टेशन तक पहुंच गए। कार्ड बेच रहे बैंक के नाका और आलमबाग काउंटर पर भी सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक भीड़ लगी रही। एक दिन में ही लखनऊ मेट्रो ने 610 गो स्मार्ट कार्ड बेच डाले।
लोगों की मांग को देखते हुए लखनऊ मेट्रो ने बैंक की मदद से प्री-लोडेड स्मार्ट कार्ड काउंटरों पर रखवाए। इनमें पहले से बिलिंग कर कार्डों को बिक्री के लिए तैयार रखा गया था। पांचों काउंटरों पर 200 रुपये लेकर ये कार्ड दिए गए। सबसे अधिक कार्ड ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो स्टेशन पर बिके।
इसके पीछे संभावना यह भी देखी जा रही है कि यहां से चारबाग और आलमबाग जाने वाले यात्रियों की संख्या सबसे अधिक हो सकती है। लोगों में कार्ड खरीदने का उत्साह इस तरह रहा कि वे अपने परिवार के सदस्यों तक के लिए एकमुश्त कार्ड खरीदते दिखे। कोई अपनी पत्नी व बच्चों के लिए कार्ड खरीद रहा था तो कोई दोस्तों को गिफ्ट करने मेट्रो के कार्ड खरीदने पहुंच गया।