लखनऊ। चारबाग स्टेशन पर एयर कॉनकोर्स के काम के कारण 25 से अधिक ट्रेनें बदले मार्ग से चलाई जाएंगी। ये ट्रेनें चारबाग नहीं आएंगी। इसके अतिरिक्त 60 से अधिक ट्रेनों का बदले प्लेटफॉर्म से संचालन होगा।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि 28 जून से ट्रेनों का संचालन बाधित होगा, जो दस जुलाई तक रहेगा। एयर कॉनकोर्स के काम के कारण ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया है। बदले मार्ग से चलने वाली ट्रेनों में गोरखपुर-मुंबई, मुंबई-गोरखपुर, सूरत-मुजफ्फरपुर, हमसफर, साबरमती आदि प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों को चारबाग की जगह मानकनगर, ऐशबाग, मल्हौर, उतरेटिया आदि स्टेशनों से चलाया जाएगा। कुछ ट्रेनों को बादशाहनगर पर पांच मिनट का अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा। कई ट्रेनों को मानकनगर और ऐशबाग स्टेशन पर 10-10 मिनट का ठहराव मिलेगा।