प्रदेश में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 30 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
- पूर्वी- दक्षिणी यूपी के 58 जिलों में गरज चमक व वज्रपात का अलर्ट
- दक्षिणी हिस्से में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश के दक्षिणी हिस्से से शुरू होकर
मानसून का प्रभाव शुक्रवार तक तराई , मध्य और पश्चिमी इलाकों में भी दिखा। बृहस्पतिवार और शुक्रवार के दौरान प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मध्यम से अच्छी बारिश हुई।
प्रयागराज, मिर्जापुर, अमेठी, उन्नाव आदि में बादल जमकर बरसे। राजधानी लखनऊ में भी अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए प्रदेश के 30 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी किया है। इनमें से चार जिलों प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर और भदोही में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
वहीं लगभग 58 जिलों में गरज चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।बारिश के दौरान इन इलाकों में तेज झोंकेदार हवाएं चलने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शनिवार को बारिश के क्षेत्रफल और तीव्रता में और बढ़ोतरी आएगी।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में मानसून ने कुछ उत्तरी-पश्चिमी कुछ जिलों और एनसीआर को छोड़कर पूरे प्रदेश को कवर कर लिया है। शनिवार से प्रदेश के दक्षिणी इलाकों समेत विंध्य क्षेत्र और बुंदेलखंड में भी अच्छी बारिश देखने को मिलेगी।
- भारी से बहुत भारी वर्षा के लिए ऑरेंज अलर्ट
प्रयागराज,सोनभद्र, मिर्जापुर, भदोही,
- यहां है मेघगर्जन व वज्रपात का येलो अलर्ट
देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुर, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आसपास के इलाकों में।