लखनऊ। पॉलीटेक्निक की संयुक्त प्रवेश परीक्षा दो जून से शुरू हो रही है। इस बार राजधानी सहित प्रदेश के 183 परीक्षा केंद्रों की निगरानी एआई कैमरे से होगी और परिषद से सभी केंद्रों की मॉनिटरिंग की जाएगी। प्रवेश परीक्षा के लिए पात्र अभ्यर्थियों को बिना आधार कार्ड के भी प्रवेश मिलेगा। इसके लिए केवल प्रवेश पत्र का होना जरूरी है।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद के सचिव संजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। इस बार कुल 2.70 लाख सीटों पर प्रवेश के लिए 4.25 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, कानपुर, नोएडा, इलाहाबाद जैसे बड़े शहरों और महानगरों में अधिक सेंटर बनाए गए हैं। इसको ध्यान में रखते हुए केंद्रों पर विशेष व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि दो से नौ जून के बीच तीन पालियों में परीक्षा होगी। ग्रुप ए और ग्रुप ई के पात्र अभ्यर्थी परिषद के पोर्टल www.jeecup.admissions.nic.in से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। अन्य ग्रुपों के लिए प्रवेश-पत्र शीघ्र ही उपलब्ध करा दिए जाएंगे।