लखनऊ। भुगतान से पहले चार वार्डों में औचक निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त को सड़कों-गलियों के निर्माण में गड़बड़ियां मिली हैं। कहीं सड़क की लंबाई कम मिली तो कहीं पर निर्माण सामग्री में खामी मिली।
उन्होंने मुख्य अभियंता को एस्टीमेट के आधार पर दोबारा जांच का आदेश दिया है। रिपोर्ट के बाद भुगतान में कटौती होगी, जो एस्टीमेट की कम से कम पांच प्रतिशत होगी। संबंधित इंजीनियर और ठेकेदार को नोटिस भी जारी किया जाएगा।
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने मंगलवार को नजरबाग, मौलवीगंज, जियामऊ-महात्मा गांधी और गणेशगंज-बसीरतगंज वार्ड में बनाई गईं गलियों-सड़कों का जायजा लिया था। नगर आयुक्त ने बताया कि गणेशगंज वार्ड में एक गली की लंबाई करीब चार मीटर कम मिली। एक जगह ईंट का काम एस्टीमेट में था, पर मौके पर यह नहीं दिख रहा था। अमीनाबाद स्कूल में पुताई का काम बेहतर नहीं मिला। पपड़ी भी उखड़ने लगी थी। महात्मा गंधी वार्ड में सड़क नपाई में अंतर ज्यादा मिली। इसके कारण का पता लगाया जाएगा।