यूपी सरकार के मंत्री मोहसिन रजा।
- फोटो : amar ujala
कांग्रेस पर हमले का कोई मौका नहीं चूकने वाले अमेठी जिले के प्रभारी मंत्री मोहसिन रजा ने शनिवार को भी प्रियंका वाड्रा व कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला। प्रभारी मंत्री ने प्रियंका के गंगा स्नान पर चुटकी लेते हुए कहा कि प्रत्येक कांग्रेसी को चाहिए कि वह अपने पाप का प्रायश्चित करने के लिए गंगा में डुबकी लगाए। मंत्री ने प्रियंका को नाना के साथ दादा के घर जाने की भी सलाह दी।
जिले के प्रभारी मंत्री मोहसिन रजा शनिवार को शहर में थे। पार्टी ने उन्हें भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रबुद्धजनों की एक बैठक के बाद मीडिया के समक्ष बजट की खूबियां गिनाने के लिए भेजा था। हालांकि बजट की खूबियां गिनाते-गिनाते मंत्री अचानक कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा पर हमलावर हो उठे। मंत्री ने प्रियंका के गंगा स्नान को नाटक करार दिया।
उन्होंने कहा कि कभी राममंदिर व हिंदू देवी देवताओं के अस्तित्व पर सवाल खड़ा करने वाले अब गंगा स्नान के साथ नौकायन कर रहे हैं। मंदिर जा रहे हैं और टीका लगाने के साथ भगवा वस्त्र भी धारण कर रहे हैं। मंत्री ने कहा कि प्रत्येक कांग्रेसी को चाहिए कि वह अपने पापों का प्रायश्चित करने के लिए गंगा स्नान करे।
मोहसिन रजा ने कहा कि प्रियंका को चाहिए कि वे जब भी प्रयागराज जाएं अपने नाना के आवास जाने के साथ ही अपने दादा फिरोज जहांगीर के आवास भी जाया करें। उन्होंने कहा कि यदि प्रियंका को किसानों की इतनी ही चिंता है तो वे अपने पति द्वारा अलग-अलग प्रदेशों में उनके द्वारा कब्जाई गईं जमीनें वापस करवाएं। हालांकि इस दौरान पेट्रो पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतों व अमेठी में लगातार हो रही हत्या की वारदातों पर किए गए सवालों से प्रभारी मंत्री असहज नजर आए।