मोहर्रम में शांति व कानून व्यवस्था के मद्देनजर पुराने शहर में फोर्स की तैनाती व कैमरे लगाने के बाद अब संदिग्धों की घेराबंदी शुरू की गई है।
खुफिया विभाग पुराने शहर के 91 हजार पासपोर्ट धारकों का ब्योरा खंगाल रहा है। वाट्सएप व फेसबुक पर प्रसारित होने वाले संदेशों पर नजर रखने के लिए सर्विलांस सेल की विशेष टीम गठित की गई है।
एसएसपी प्रवीण कुमार ने बताया कि शरारती तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए पुराने शहर के 91 हजार पासपोर्ट धारकों की एलआईयू से छानबीन कराई जा रही है।
मोहर्रम व अन्य मौकों पर पुराने शहर में उपद्रवों में चिह्नित 70 लोगों के पासपोर्ट निरस्त कराने की कार्रवाई की जा चुकी है। अब अन्य पर शिकंजा कसा जा रहा है।
इसी तरह शस्त्र लाइसेंस धारकों पर भी पुलिस की नजर है। इसके अलावा सेटेलाइट कैमरे की मदद के लिए संबंधित विभागों से संपर्क जारी है।
तनातनी की स्थिति में वाट्सएप, फेसबुक व एसएमएस के जरिए भड़काऊ संदेश प्रसारित करके माहौल खराब करने वालों की धरपकड़ के लिए सर्विलांस सेल की विशेष टीम गठित की गई है।
अत्याधुनिक संसाधनों से लैस टीम को वाट्सएप के विभिन्न ग्रुपों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। माहौल खराब करने वाला संदेश प्रसारित करने वाले व्यक्ति के साथ ग्रुप एडमिन के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।