मोहनलालगंज के बैरीसालपुर में विवाहिता की मौत हो गई। विवाहिता के मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप ससुराल पक्ष पर लगाया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मृतक काफी समय से बीमार चल रही थी जिसके चलते उसकी मौत हुई।
पुलिस के मुताबिक, बाराबंकी के जेतपुर बलछत की खुर्शीदा (30) का विवाह छह वर्ष पूर्व बैरीसालपुर के गुलजार के साथ हुआ था। मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे खुर्शीदा की मौत हो गई। मौत की सूचना पाकर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने गला दबाकर जान से मारने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे।
हंगामे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाने का प्रयास और तहरीर लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इंस्पेक्टर आलोक राव के मुताबिक मृतक का लीवर खराब था जिसका लंबे समय से इलाज चल रहा था। मृतका के भाई मरहबा ने ससुराल के लोगों के विरूद्व तहरीर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।