छह माह के दौरान मोहनलालगंज क्षेत्र में जमीनों की सर्वाधिक खरीद-फरोख्त को देखते हुए यहां सबसे अधिक डीएम सर्किल रेट बढ़ाने की संभावना है। ऐसे होने पर इस इलाके में जमीन या भू संपत्ति खरीदना बहुत महंगा हो जाएगा।
लखनऊ में अगले माह से नया सर्किल रेट लागू होना है। इससे लेकर प्रस्तावित दरों के लिए गठित निबंधन व राजस्व अधिकरियों की संयुक्त सर्वे टीम ने जिले की चारों तहसीलों की सर्वे रिपोर्ट शुक्रवार को औपचारिक तौर पर एडीएम एफआर को सौंपी जाएगी।
निबंधन विभाग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, इस इलाके के नए सर्किल रेट में सर्वाधिक 25 से 30 फीसदी तक की वृद्धि तय मानी जा रही है। मोहनलालगंज में भू संपत्तियों के आसमान छू रही बाजार दर के कारण ही सर्वे टीम के एकमत नहीं हो पाने से संयुक्त सर्वे रिपोर्ट को फाइनल करने में देरी हुई है।
जबकि अन्य तीनों तहसीलों की सर्वे रिपोर्ट एडीएम वित्त व राजस्व को पहले ही पहुंचा दी गई थी। मोहनलालगंज तहसील इलाके की सर्वे रिपोर्ट तैयार करने में हो रही देरी के कारण ही नए सर्किल रेट के निर्धारण को लेकर डीएम की अध्यक्षता में होने वाली औपचारिक बैठक दो बार टाली जा चुकी है।
इस संबंध में एडीएम वित्त व राजस्व धनंजय शुक्ला का कहना है कि मोहनलालगंज की सर्वे रिपोर्ट अपडेट होने के बाद मिलते ही नई प्रस्तावित दरों के प्रकाशन को लेकर डीएम की अध्यक्षता में बैठक बुलाई जाएगी।