बदमाशों ने एटीएम की स्क्रीन और ट्रॉली उखाड़ी।
- फोटो : amar ujala
मोहनलालगंज कस्बे में बेखौफ बदमाशों ने बृहस्पतिवार रात करीब एक बजे मौरावां रोड स्थित इंडिया फर्स्ट एटीएम को काटकर लूटने का प्रयास किया। बिना नंबर की कार से पहुंचे बदमाश एटीएम की स्क्रीन और ट्राली उखाड़कर ले गए। इसी दौरान खटपट की आवाज सुनकर आसपास के लोगों को घटना की भनक लगी और उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस के पहुंचते ही बदमाश कार से भाग निकले। पुलिस ने पीछा कर एक बदमाश को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
बताया गया कि रात करीब एक बजे बिना नंबर की कार से कुछ बदमाश मौरावां रोड स्थित इंडिया फर्स्ट एटीएम पहुंचे। बदमाशों ने एटीएम को काटकर अंदर रखा कैश निकालने का प्रयास किया। इस दौरान एटीएम में तोड़फोड़ की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचते ही बदमाश मौके से कार लेकर भाग निकले।
पुलिस ने पीछा कर एक संदिग्ध बदमाश को हिरासत में ले लिया, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि एटीएम में कैश गया है या नहीं, इसकी पुष्टि बैंक कर्मचारियों के आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।