मोहनलालगंज के दिवानगंज में किसान के सगे मौसेरे भाई व उसके साथी ने ननिहाल की संपत्ति को लेकर किसान का चाकू से गला रेतकर जान से मारने की कोशिश की थी। घटना में किसान के मौसेरे भाई व उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने वारदात को अंजाम देने की बात कुबूल की है।
शनिवार की रात दिवानगंज गांव में खेतों पर फसल की रखवाली करने गए किसान अरूण कुमार (45) खून से लतपथ हालात में रविवार की सुबह मिले थे। किसान का गला रेतकर हत्या करने की कोशिश की गई थी। रविवार की सुबह किसान की पत्नी सुमन ने फोन किया। पति का फोन बंद होने पर खेत पहुंची तो घटना की जानकारी हुई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ किसान को नाजुक हालत में ट्रामा टू पीजीआई पहुंचाया है जहां पर उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। एसीपी रजनीश वर्मा के मुताबिक दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पहले पिलाई शराब फिर रेत दिया गला
रविवार की सुबह पांच बजे किसान अरूण का मौसेरा भाई रामसजीवन लोधी अपने साथी रंजीत रावत के साथ खेत पहुंचा और तीनों ने शराब पी। किसान जब नशे मे हो गया तो रामसजीवन ने उसे दबोच लिया और साथी रंजीत ने चाकू से उसका गला रेत दिया।
जमीन व रुपयों के बंटवारे से शुरू हुई थी रंजिश
बिजनौर के ख्वाजापुर के रहने वाले अरूण अपने नाना के पास परिवार समेत रहते हैं। अरूण की मां तीन बहनें थीं । तीनों के बीच जमीन का बंटवारा हुआ था। इसी बीच नानी के नाम कीमती जमीन का सौदा हुआ था लेकिन औरंगाबाद का मौसेरा भाई रामसजीवन जमीन व रुपए के बंटवारे को लेकर नाराज था और अपने साथी रंजीत रावत के साथ मिलकर मौसेरे भाई को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।