मोहनलालगंज के जैतीखेडा गांव में बृहस्पतिवार की रात शराब के नशे में दो चचेरे भाईयों ने दो सगे भाईयों पर कुल्हाड़ी से हमलाकर घायल कर दिया था। घायलों का इलाज निजी अस्पताल मे चल रहा था जिसमें से एक घायल की मौत शनिवार की रात हो गई।
पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर छह लोगों के विरूद्व केस दर्ज किया था। पुलिस ने रविवार को आरोपी चचेरे भाईयों को गिरफ्तार कर लिया है। एसीपी रजनीश वर्मा के मुताबिक जैतीखेड़ा गांव में बृहस्पतिवार की रात लगभग बारह बजे चचेरे भाई गया प्रसाद व गनेश शराब के नशे में गाली-गालौज कर रहे थे। गाली-गालौज करने से रामू व इनके भाई दिनेश ने टोका तो दोनों चचेरे भाईयों ने अपने परिवार के कृष्ण, कुसुम, चन्द व किरन के साथ मिलकर लाठी व कुल्हाड़ी से हमलाकर दिया जिससे रामू व उसके भाई का सिर फट गया।
पुलिस ने रामू की पत्नी रेनू की शिकायत पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया। घायलों को इलाज के लिए बंथरा इलाके के निजी अस्पताल मे भर्ती कराया गया। शनिवार की रात इलाज के दौरान रामू की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को दोनों चचेरे भाईयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस घटना में हत्या की धारा बढाएगी। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटी भी है।