जयापुर में मोदी की ‘ब्रांड वैल्यू’ का असर दिखने लगा है। महज दस महीने में ही गांव में जमीन की कीमत पांच गुना से ज्यादा बढ़ गई है। यहां आशियाना बनाने के लिए दिल्ली, मुंबई तक से खरीदार आ रहे हैं।
मुंहमांगी कीमत पर भी उन्हें जमीन नहीं मिल रही। गांव में यह बदलाव दस महीने में आया है। बीते साल सात नवंबर को पीएम मोदी ने सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत आराजीलाइन ब्लॉक के इस गांव को गोद लिया था।
उस दिन से लेकर आज की तारीख में गांव कायाकल्प होने के रास्ते पर है। गांव के ही बुजुर्ग लालचंद पटेल कहते हैं, ‘यह सब मोदी जी के नाम का असर है। साल भर पहले जिस जमीन की कीमत एक से सवा लाख रुपये बिस्वा थी, आज वह छह से सात लाख रुपये के बीच है।
सड़क किनारे तो जमीन मिलना नामुमकिन हो गया है। गांव के अंदर जो जमीन 60 से 70 हजार रुपये बिस्वा थी, आज वह ढाई लाख बिस्वा हो चुकी है।’
कहा कि यहां के किसान मुंहमांगी कीमत पर भी अपनी जमीन बेचने को तैयार नहीं। उन्हें लगता है कि आने वाले समय में जयापुर में और बदलाव आएगा और उनके जमीन की कीमत कई गुना बढ़ेगी।